|
राजू 23 तक न्यायिक हिरासत में |
|
|
|
|
|
|
बिजनेस | द्वारा/by : मोलतोल संवाददाता | शनिवार , 10 जनवरी 2009 |
हैदराबाद। सत्यम कंप्यूटर के पूर्व अध्यक्ष रामलिंगा राजू को अदालत ने 23 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। राजू को शनिवार को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट रामाकृष्णा के आवास पर पेश किया गया। राजू के वकील एस. भरत कुमार ने कहा कि वे जमानत के लिए अपील करेंगे। इस बीच, सीबी-सीआईडी ने कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) श्रीनिवास वाद्लामणी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
सीबी-सीआईडी निदेशक वी.एस. कौमुदी ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ आपराधिक षडयंत्र, धोखाधडी, जालसाजी और दस्तावेज में हेराफेरी का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक प्राथमिकी किसी को उपलब्ध नहीं करवाई है। संभवत: इसमें स्वतंत्र जांच कर्ता एजेंसी प्राइसवाटर हाउस कूपर के निदेशक और ऑडिटर का भी नाम है। पुलिस ने अभी तक सेबी के अधिकारियों को राजू से पूछताछ की इजाजत नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि मजिस्ट्रेट के आदेश के बिना राजू से किसी को मिलने नहीं दिया जा सकता है।
सत्यम के हैदराबाद स्थित तीन कार्यालयों पर रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज की ओर से शनिवार सुबह छापे मारे गए। सूत्रों के मुताबिक कंपनी के बैंक स्टेटमेंट गायब मिले। आशंका जताई जा रही है कि बैंक स्टेटमेंट गायब होने में भी राजू का ही हाथ है। दूसरी ओर एसबीआई समेत कई बैंकों ने सत्यम से लेनदेन संबंधी कागजात भारतीय रिजर्व बैंक को सौंप दिए हैं।
|