|
राजू ने सात साल में बेचे साढे चार करोड़ शेयर |
|
|
|
|
|
|
बिजनेस | द्वारा/by : मोलतोल संवाददाता | सोमवार , 19 जनवरी 2009 |
|
हैदराबाद। रामलिंगा राजू ने सात सालों में अपनी कंपनी के 4.4 करोड शेयर बेच डाले। राजू ने यह सौदेबाजी सितंबर 2001 से 2008 के दौरान की। इस दौरान राजू की कंपनी में हिस्सेदारी भी घटकर 22.78 फीसदी से 8.63 फीसदी पर आ गई।
रोचक बात यह है कि राजू ने 55 फीसदी पैसा वित्त वर्ष 2006-07 के पहली तिमाही में बनाया। अनुमान है कि इन सात वर्षों में राजू ने करीब 2050 करोड रूपए के शेयर बेचे। इन सात वर्षों में प्रमोटरों को लाभांश के रुप में 144.3 करोड़ रुपए मिलें।
रामलिंगा राजू ने कुल बेचें 4.4 करोड़ शेयरों में से तकरीबन डेढ़ करोड़ शेयर अप्रैल से जून 2006 के बीच बेचें जब सत्यम कंप्यूटर के शेयर का औसत भाव 726 रुपए था। इसी अवधि में कंपनी में प्रमोटरों की हिस्सेदारी 14 फीसदी से गिरकर 9.18 फीसदी आ गई।
बैंकरों से पैसों की मांग
मुम्बई। सत्यम कंप्यूटर के नए निदेशक मंडल ने अपने बैंकरों सिटी ग्रुप और बीएनपी परिबास से तत्काल पूंजी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। निदेशकों ने यह भी अनुरोध किया है कि वह कंपनी की मौजूदा स्थिति को देखते हुए कर्ज अदायगी के लिए थोडा और समय दे। बोर्ड के सदस्यों को उम्मीद है कि उन्हें अपने बैंकरों से जल्द ही कोई राहत भरी खबर मिल जाएगी।
सत्यम से अनुबंध रद्द
वाशिंगटन। फार्च्यून 500 में शामिल अमरिकी बीमा कंपनी स्टेट फार्म इंश्योरेंस ने सत्यम कंप्यूटर से अपने अनुबंध को रद्द कर दिया है, जिससे कंपनी के 400 कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं। सत्यम के इन 400 कर्मचारियों को अब भारत लौटना होगा।
खाते में मिली गडबडियां
सत्यम घोटाले की जांच के शुरूआती चरण में ही साफ हो गया है कि कंपनी के पैसों का इस्तेमाल अन्य मदों में किया गया। कार्पोरेट मामलों के मंत्री प्रेमचंद्र गुप्ता ने कहा कि बैलेंस शीट में पेश आंकडे व तथ्य सही सूचना पर आधारित नहीं हैं। जांच सीबीआई को सौंपे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, अभी तक ऎसा कोई विचार नहीं है।
|