|
भारतीय बाजारों में जारी रहेगी एफआईआई की खरीद: सलिल शर्मा |
|
|
|
|
|
|
मुलाकात | द्वारा/by : रजनीश कांत | शनिवार , 21 नवम्बर 2009 |
|
भारतीय इक्विटी बाजार के लिए विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का बढ़ता निवेश अच्छा है और आने वाले दिनों में भी एफआईआई की खरीदारी जारी रहेगी। यह कहना है दिल्ली स्थित कपूर शर्मा एंड कंपनी के पार्टनर सलिल शर्मा का। आने वाले दिनों में बाजार के रुख, बैंकिंग स्टॉक्स की चाल और अच्छे रिटर्न देने वाले शेयरों के संबंध में सलिल शर्मा से बात की मोलतोल संवाददाता रजनीश कांत ने। पेश है बातचीत के प्रमुख अंश...
हाल के दिनों में निफ्टी 5000 अंक के ऊपर-नीचे हो रही है। यहां से बाजार का क्या रुख रहेगा?
बाजार में तेजी का रुझान बना हुआ है। निफ्टी अगर 5090 अंक का स्तर तोड़ती है तो ऊपर में 5180 अंक तक जा सकती है। नीचे में निफ्टी के 5050 अंक तक कारोबार करने की संभावना है।
फिलहाल निवेशकों को किन सैक्टरों में आप निवेश की सलाह देंगे? किसी खास कंपनी के शेयर का नाम लेना चाहेंगे?
निवेशकों को अभी टेलिकॉम और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी सैक्टर में निवेश करना चाहिए। जहां तक कंपनी की बात है तो रैनबैक्सी, जिलेट और प्राइम फोकस के शेयरों में निवेश कर सकते हैं।
अगले छह महीने में निफ्टी को आप कहां देखते हैं?
अगले छह महीने में निफ्टी 5050-5340 अंक के दायरे में रह सकती है।
सरकार ने बैंकों के कंसोलिडेशन की बात कही है इससे बैंक सैक्टर में क्या बदलाव होंगे और बैंक स्टॉक्स में निवेशकों का रुख क्या होना चाहिए?
सरकार के इस कदम से बैंकिंग स्टॉक्स नीचे आएंगे। इसका सबसे ज्यादा असर सरकारी सैक्टर के बैंकिंग स्टॉक्स पर पड़ेगा। बैंकिंग सैक्टर के निवेशकों को फिलहाल देखो और इंतजार करो की नीति पर अमल करना चाहिए।
इस साल भारतीय इक्विटी बाजार में एफआईआई निवेश रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। आगे एफआईआई का क्या रुझान रह सकता है? बाजार के लिए यह कितना लाभदायक है?
एफआईआई का बढ़ता निवेश भारतीय बाजार के लिए अच्छा है। आने वाले दिनों में भी एफआईआई की खरीदारी जारी रहेगी।
स्पष्टीकरण: इन शेयरों में विश्लेषक या उनके ग्राहकों के हित जुड़े हो सकते हैं।
|