|
मान इंफ्राकंसट्रक्शन 38 फीसदी बढ़कर बंद |
|
|
|
|
|
|
आईपीओ | द्वारा/by : मोलतोल संवाददाता | गुरुवार , 11 मार्च 2010 |
मुंबई। मान इंफ्राकंसट्रक्शन की आज 11 मार्च 2010 को शेयर बाजारों में सूचीबद्धता बेहतर रही। यह शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में 37.70 फीसदी बढ़कर 347 रुपए पर बंद हुआ। एनएसई में यह 318 रुपए पर खुला एवं ऊपर में 375 रुपए तक गया। इसका इश्यू प्राइस 252 रुपए था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में मान इंफ्राकंसट्रक्शन में कुल 20461610 शेयरों का लेनदेन हुआ जिसकी कीमत 738 करोड़ रुपए रही।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में यह शेयर 335 रुपए पर खुला और ऊपर में 374.98 रुपए तक गया। यह अंत में 348.25 रुपए पर बंद हुआ। बीएसई में कुल कामकाज 594.55 करोड़ रुपए का हुआ और 16508586 शेयरों का लेनदेन हुआ। मान इंफ्राकंसट्रक्शन का इश्यू 18-22 फरवरी 2010 तक खुला था। कंपनी ने प्रति शेयर इश्यू प्राइस 252 रुपए तय किया था जबकि प्रति शेयर प्राइस बैंड 243-252 रुपए रखा था। बीएसई में इसका स्क्रिप कोड 533169 है और इसका आईएसआईएन नंबर आईएनई 949एच01015 है।
कंपनी ने अपने आईपीओ के तहत दस रुपए समभाव वाले 5625150 इक्विटी शेयरों के साथ पूंजी बाजार में प्रवेश किया था। कंपनी का आईपीओ 60.44 गुणा सब्सक्राइब हुआ। कंपनी ने इस आईपीओ के माध्यम से 141.75 करोड़ रुपए जुटाए। इश्यू के बाद कंपनी में प्रमोटरों की हिस्सेदारी 71.61 फीसदी से घटकर 63.48 फीसदी रह गई है।
यह कंपनी पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, आवासीय, औद्योगिक, व्यावसायिक और सड़क परियोजनाओं से जुड़ी हुई है। इस इश्यू का उद्देश्य पूंजीगत उपकरणों की खरीद के लिए पैसे की व्यवस्था करना है। मान इंफ्राकंसट्रक्शन ने अदानी ग्रुप, भारती एयरटेल, गुजरात पिपावाव पोर्ट, जेएनपीटी, कोहिनूर ग्रुप, जिंदल स्टेनलेस स्टीलवे और प्राज इंडस्ट्रीज जैसी कंपनियों के प्रोजेक्ट को पूरा किया है।
कंपनी के शेयर बीएसई, एनएसई दोनों एक्सचेंजों में सूचीबद्ध कराए जाएंगे। इस इश्यू के लिए आईडीएफसी-एसएसकेआई एवं एडलवाइज कैपिटल लि. को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया। इनटाइम इंडिया प्रा. लि. को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया।
|