मल्टीप्लेक्सों के लिए तीसरी तिमाही जोरदार रही
  
स्टॉक मंत्र |  द्वारा/by : मोलतोल संवाददाता |  रविवार , 31 जनवरी 2010
मुंबई। मल्टीप्लेक्स संचालकों के चेहरे आजकल खुशी से चमक रहे हैं। कतार में अच्छी फिल्में आने और टिकट की कीमतें बढ़ने से तीसरी तिमाही में इनके नतीजे जोरदार रहे हैं।

सिनेमैक्स का लाभ इस दौरान पांच गुना बढ़कर 10.59 करोड़ का हो गया है जबकि ऑपरेशंस से प्राप्त कमाई 81 फीसदी बढ़कर 59.39 करोड़ पर पहुंच गई।

इसी तरह आयनॉक्स का लाभ भी 31 दिसंबर को खत्म हुई तिमाही में दोगुना होकर 8.74 करोड़ रुपए हो गया जबकि आय 29 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 84.28 करोड़ रुपए पहुंच गई। पीवीआर का मुनाफा भी इस अवधि में साढ़े चार करोड़ से बढ़कर 7.37 करोड़ हो गया और कमाई 88.29 करोड़ से बढ़कर 114 करोड़ पहुंच गई।

ऑयनॉक्स लेजर के निदेशक दीपक अशर के मुताबिक हिन्दी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में लगातार अच्छी फिल्में आने से मल्टीप्लेक्सों का प्रदर्शन बेहतर हुआ है।

रिलायंस मीडियावर्क्स के सीईओ अनिल अर्जुन के मुताबिक केवल इस तिमाही में ही 16 बड़ी फिल्में रिलीज हुई हैं इनमें वेकअप सिड, अजब प्रेम की गजब कहानी, पा और थ्री ईडियट्स के अलावा हॉलीवुड की अवतार, 2012 और न्यू मून शामिल रही। थ्री ईडियट्स के पहले सप्ताहांत में ही बड़े सिनेमाघरों में नौ लाख दर्शक जुटे। इसके अलावा टिकटों की कीमतें बढ़ने से भी इस पर असर पड़ा।

मल्टीप्लेक्सों में टिकटों के दाम लगभग दोगुने हो गए और इनमें 25-100 रुपए का इजाफा रहा। ऑपरेटरों को चौथी तिमाही में भी अच्छी कमाई की उम्मीद है क्योकि इस दौरान माई नेम इज खान, तीन पत्ती और काइट्स जैसी फिल्में आ रही हैं।

टिप्पणियाँ (0)add

busy